बिलासपुर में विमान हादसा टला: लैंडिंग के वक्त टायर फटा, 3 पहिए लॉक; केबिन में फैली जलने की गंध, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

बिलासपुर। बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट पर दिल्ली से आई अलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 शुक्रवार को हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। लैंडिंग के दौरान विमान का एक टायर फट गया, जबकि तीन अन्य पहिए लॉक हो गए। विमान रनवे पर ही रुक गया। अगर विमान रनवे से बाहर जाकर खेत की ओर चला जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

फ्लाइट में करीब 37 यात्री सवार थे। यात्रियों के मुताबिक, रनवे पर उतरते समय विमान को जोरदार झटका लगा और धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके कुछ सेकेंड बाद केबिन में जलने की गंध फैलने लगी। इससे यात्रियों में घबराहट और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। विमान के रुकते ही एयरपोर्ट स्टाफ ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

यात्री ने बताया- लैंडिंग सामान्य नहीं लगी

खपरगंज निवासी एडवोकेट प्रकाश तिवारी भी फ्लाइट में सवार थे। उन्होंने बताया कि दिल्ली से बिलासपुर तक उड़ान सामान्य थी, लेकिन लैंडिंग के समय अचानक जोरदार झटका लगा। इसके बाद जलने की गंध आने से यात्रियों को आग लगने की आशंका हुई।

DGCA की 9 सदस्यीय टीम ने शुरू की जांच

मामले की जांच DGCA की 9 सदस्यीय टीम कर रही है। शुरुआती जांच में एक टायर फटने के साथ तीन अन्य पहियों के लॉक होने की बात सामने आई है। टीम ने विमान के क्षतिग्रस्त हिस्सों, रनवे, मेंटेनेंस रिकॉर्ड और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी जुटाई है।

विमान की मरम्मत कर दिल्ली ले जाने की तैयारी

अलायंस एयर के इंजीनियर विमान की मरम्मत में जुटे हैं। जरूरी उपकरणों की उपलब्धता में दिक्कत के कारण विमान को ऐसी स्थिति में लाने की कोशिश की जा रही है, जिससे उसे सुरक्षित तरीके से दिल्ली ले जाया जा सके। वहां वर्कशॉप में विमान की विस्तृत मरम्मत की जाएगी।

  • Related Posts

    महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार और तीसरे की तलाश जारी

    छ्त्तीसगढ़ के रायगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां पर अपनी महिला मित्र से मिलने एक युवक को इतना महंगा पड़ गया कि उसे अपनी जान से हाथ…

    Read more

    रायपुर में 11 साल के बच्चे को धमकाकर घर से 1.77 लाख रुपए चोरी कराने का आरोप, दोस्त और उसकी मां पर केस

    Raipur News:  रायपुर. राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले 11 वर्षीय छात्र को उसके…

    Read more