बाजार में मची अफरा-तफरी के पीछे निकली बड़ी वजह, पुलिस की कार्रवाई में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

बेमेतरा :  बेमेतरा जिले के एक साप्ताहिक बाजार में लोगों के बीच दहशत फैलाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान उसके पास से अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर हथियार उपलब्ध कराने वाले दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया गया। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कट्टा लहराकर लोगों को कर रहा था भयभीत

पुलिस के अनुसार ग्राम खुड़मुड़ी नवागांव के साप्ताहिक बाजार में एक युवक खुलेआम हाथ में देसी कट्टा लेकर घूम रहा था। वह वहां मौजूद लोगों को डरा-धमका रहा था, जिससे बाजार में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।

विशेष टीम बनाकर शुरू की गई तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए बेमेतरा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित की गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। लगातार तलाश के बाद घेराबंदी कर 23 वर्षीय तुषार निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया दूसरा नाम

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसकी निशानदेही पर एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। हथियार के बारे में पूछने पर उसने बताया कि यह उसे पास के गांव निवासी प्रतीक वैष्णव ने उपलब्ध कराया था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 41 वर्षीय प्रतीक वैष्णव को भी गिरफ्तार कर लिया।

अब हथियार के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस

दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अवैध हथियार कहां से आया और क्या इस मामले का संबंध किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से भी है।

  • Related Posts

    पं. रुपेश महाराज प्रदेश के प्रसिद्ध युवा भागवताचार्य का दिल्ली में हुआ भव्य सम्मान, डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित

          *रायपुर।* छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना बस्ती क्षेत्र के प्रसिद्ध भागवताचार्य पं. रुपेश महाराज जी ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन…

    Read more

    रायपुर जिले की “लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ” पदयात्रा एवं विशाल रैली सम्पन्न मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हुए शामिल

        0 भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश, लोकतंत्र की जननी है हमारा देश : विष्णुदेव साय* 0 लोकतंत्र को कमजोर करने और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ…

    Read more